मुंबई में कानून-व्यवस्था संभालने उतरेगी डेल्टा फोर्स

मुंबई में कानून-व्यवस्था संभालने उतरेगी डेल्टा फोर्स

मुंबई : आगामी 2 अक्टूबर को दशहरा और विजयदशमी के पर्व के अवसर पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुंबई पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतज़ाम किए हैं। हर साल की तरह इस वर्ष भी विजयदशमी पर शहर की सड़कों और गलियों में जुलूस निकाले जाएंगे तथा दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। इस दौरान संभावित भीड़ और अव्यवस्था को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने पहले से ही विशेष बंदोबस्त किए हैं।

शहर में कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने और यातायात प्रबंधन के लिए सात अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, 26 पुलिस उपायुक्त, 52 सहायक पुलिस आयुक्त, 2,890 पुलिस अधिकारी और 16,552 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा, भीड़-भाड़ वाले इलाकों और पंडालों में सुरक्षा की दृष्टि से एसआरपीएफ प्लाटून, रैपिड रिस्पांस टीम, दंगा नियंत्रण दल, डेल्टा फोर्स, कॉम्बैट यूनिट और होमगार्ड जैसी विशेष इकाइयाँ भी मुस्तैद रहेंगी।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक भीड़ न लगाएँ, शांति बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 100 और 112 जारी किए गए हैं।

मुंबई पुलिस ने उम्मीद जताई है कि सभी नागरिक संयम बरतते हुए अपने परिवारों के साथ सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार का आनंद लेंगे।