मुंबई मेट्रो एक्वा लाइन 3 की ट्रेन में तकनीकी खराबी, यात्रियों में मची भगदड़

मुंबई मेट्रो एक्वा लाइन 3 की ट्रेन में शुक्रवार दोपहर सांताक्रूज़ स्टेशन के पास अचानक तकनीकी खराबी आ गई। ट्रेन रोककर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। अधिकारियों ने सेवा रद्द कर जांच शुरू कर दी है।

मुंबई मेट्रो एक्वा लाइन 3 की ट्रेन में तकनीकी खराबी, यात्रियों में मची भगदड़
Mumbai Metro Aqua Line 3

मुंबई, मुंबई मेट्रो की एक्वा लाइन 3 में अचानक तकनीकी खराबी आने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। यह घटना पश्चिमी उपनगर के सांताक्रूज़ स्टेशन के पास हुई।

अधिकारियों के अनुसार, आचार्य अत्रे चौक की ओर जा रही ट्रेन जब सांताक्रूज़ स्टेशन पहुंची, तभी उसमें अचानक तकनीकी समस्या उत्पन्न हो गई। स्थिति को देखते हुए ट्रेन को तुरंत रोका गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस दौरान किसी भी यात्री को चोट नहीं आई और न ही कोई अप्रिय घटना हुई।

बाद में, विस्तृत तकनीकी निरीक्षण के लिए प्रभावित ट्रेन को बीकेसी लूपलाइन पर ले जाया गया। घटना के बाद उस सेवा को रद्द कर दिया गया, लेकिन अन्य सभी ट्रेनें अपने निर्धारित समय और प्लेटफॉर्म से सुचारू रूप से चलती रहीं।

अधिकारियों ने बयान जारी कर कहा—

“हम यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हैं। उनकी सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।”